छापोली (उदयपुरवाटी)। छापोली गांव में सड़क निर्माण के दौरान एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है। कदम कुंड की ओर सड़क बना रही एक रोड रोलर मशीन ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गई। मशीन में करंट फैलते ही पास में काम कर रहे मजदूरों में चीख-पुकार मच गई। इस भीषण हादसे में 8 मजदूरों की मौके पर ही झुलसने से मौत हो गई, जबकि 3 अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए।

सड़क पर रोड़ी मिलाते समय हुआ हादसा

मिली जानकारी के अनुसार, छापोली गांव के कदम कुंड मार्ग पर सड़क निर्माण का कार्य चल रहा था। निर्माण स्थल पर मजदूर रोड़ी मिलाने और सड़क समतल करने का काम कर रहे थे। इसी दौरान वहां काम पर लगी रोड रोलर मशीन ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली की लाइन से छू गई।

करंट इतना जोरदार था कि मशीन के संपर्क में आते ही आसपास काम कर रहे मजदूर इसकी चपेट में आ गए। देखते ही देखते पूरा निर्माण स्थल चीख-पुकार और बदहवासी के माहौल में बदल गया।

गांव में पसरा मातम, घायलों की हालत नाजुक

हादसे की सूचना आग की तरह फैलते ही छापोली और आसपास के गांवों से सैकड़ों ग्रामीण घटनास्थल पर एकत्र हो गए। एक साथ 8 मजदूरों की असमय मौत की खबर से पूरे इलाके और मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया।

घटना में झुलसे 3 गंभीर मजदूरों को ग्रामीणों और प्रत्यक्षदर्शियों की मदद से तत्काल पास के अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है। पुलिस और प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रही है।