बांसवाड़ा। पंचायती राज चुनाव के तीसरे चरण के मतदान के दौरान बांसवाड़ा जिले में पुलिस की त्वरित कार्रवाई और सूझबूझ से एक बड़ा हादसा टल गया। बुधवार सुबह मतदान केंद्र पर अचानक बेहोश होकर गिरे मतदान अधिकारी प्रथम मानसिंह गरासिया को पुलिस मोबाइल पार्टी ने समय पर सीपीआर (CPR) और प्राथमिक चिकित्सा देकर उनकी जान बचा ली।
जानकारी के अनुसार, पुलिस मोबाइल पार्टी नंबर-11 के प्रभारी उप निरीक्षक रमेशचंद्र पाटीदार, कांस्टेबल भाविक, हेमंत और साहिल खान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए ग्राम पंचायत पिंडारमा, छींछ एवं बोडीगामा क्षेत्र में गश्त पर थे। इसी दौरान सुबह करीब 9 बजे पिंडारमा स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के मतदान बूथ संख्या 14 पर तैनात 38 वर्षीय मतदान अधिकारी मानसिंह गरासिया अचानक चक्कर आने से गिर पड़े और बेहोश हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही उप निरीक्षक रमेशचंद्र पाटीदार और उनकी टीम ने तुरंत तत्परता दिखाई। पुलिस कर्मियों ने बिना समय गंवाए बेहोश अधिकारी को मौके पर ही सीपीआर दिया। थोड़ा होश में आते ही उन्हें तुरंत पुलिस वाहन से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, नौगामा ले जाया गया, जहाँ सीएचओ सुरभि देवी ने प्राथमिक उपचार देकर उन्हें पूर्णतः होश में लाया। इसके बाद बेहतर इलाज के लिए उन्हें उप जिला चिकित्सालय, बागीदौरा पहुंचाया गया।
चिकित्सकों के अनुसार, समय पर मिले सीपीआर और प्राथमिक उपचार के कारण मतदान अधिकारी की स्थिति अब पूरी तरह सामान्य और संतोषजनक है। घटना की सूचना मिलने पर परिजन भी बागीदौरा अस्पताल पहुंच गए हैं। पुलिस टीम की इस त्वरित कार्रवाई और जीवन रक्षक सूझबूझ की चारों तरफ सराहना हो रही है।
Continue With Google
Comments (0)