नई दिल्ली, 8 जून। आज नई दिल्ली में इंडिया गठबंधन की बैठक आयोजित हुई, जिसमें भारत आदिवासी पार्टी के डूंगरपुर-बांसवाडा सांसद राजकुमार रोत शामिल हुए। आज आयोजित बैठक में कुल 23 विपक्षी दलों के नेताओं ने भाग लिया। बैठक में 5 सूत्रीय एजेंडे पर सहमति बनी। सभी राजनीतिक दलों की सर्वसम्मति से केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के तत्काल इस्तीफे की मांग की गई, क्योंकि नीट एवं CBSE परीक्षाओं में पेपर लीक के चलते लाखों युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ हुआ। 

साथ ही, केंद्र सरकार से मांग की कि देश की बिगड़ती आर्थिक स्थिति, बेरोजगारी, महंगाई, किसान की समस्याओं एवं कमजोर वर्गों पर अत्याचार जैसे मुद्दों पर तत्काल सर्वदलीय बैठक बुलाई जाए। चुनाव आयोग द्वारा मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के मामले में भारत के मुख्य न्यायाधीश को पत्र लिखने का भी निर्णय लिया गया। इसके अतिरिक्त अंडमान-निकोबार द्वीपसमूह के संरक्षण का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया।

गठबंधन के दल हर दो माह में मिलेंगे और अगली बैठक अगस्त में हैदराबाद में होगी। इस दौरान सांसद राजकुमार रोत ने भी डूंगरपुर-बांसवाड़ा क्षेत्र की मांगों को बैठक में रखा।