बांसवाड़ा जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने और मौसमी बीमारियों पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी सीएमएचओ डॉ. खुशपाल सिंह राठौड़ ने सिंधी कॉलोनी जनता क्लीनिक एवं हाउसिंग बोर्ड स्थित शहरी पीएचसी का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ओपीडी रजिस्टर, दवा स्टॉक और मरीजों को दी जा रही सुविधाओं की गहन समीक्षा की। डॉ. राठौड़ ने निर्देश दिए कि किसी भी मरीज को बाहर से दवा नहीं लिखी जाए तथा सभी आवश्यक दवाएं केंद्रों पर उपलब्ध रहें। बदलते मौसम को देखते हुए उन्होंने डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया और वायरल बुखार की रोकथाम के लिए सतर्कता बढ़ाने के निर्देश दिए। संदिग्ध मरीजों की तत्काल जांच, फॉगिंग और एंटी-लार्वा गतिविधियों में तेजी लाने पर जोर दिया गया। सीएमएचओ ने कहा कि आमजन को गुणवत्तापूर्ण और त्वरित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।